3 सहेलियां फिल्म दिखा पीरियड्स को लेकर कर रहीं जागरूक

गाजियाबाद 
इंदिरापुरम में रहने वाली तीन सहेलियां स्कूल में पढ़ने वाली लड़कियों को पीरियड्स (मासिक धर्म) और इससे जुड़ी चीजों को लेकर जागरूक कर रही हैं। गाजियाबाद के अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ने वाली इन युवतियों का कहना है कि अक्सर लड़कियां पीरियड्स के दौरान लापरवाही बरतती हैं। शर्म और झिझक की वजह से ये अपनी देखभाल नहीं कर पाती हैं। कई बार हाइजीन का ध्यान रखने पर परेशानी खड़ी हो जाती है। यही कारण है कि वे आसपास के सरकारी स्कूलों और स्लम एरिया में शॉर्ट फिल्म दिखाकर बच्चियों को जागरूक कर रही हैं, जिससे वे अपना ध्यान रख सकें। 
प्रज्ञा, प्रियंका और विदुषी तीनों गाजियाबाद के कॉलेजों में पढ़ती हैं। प्रियंका ने बताया कि उन्होंने पाया कि आसपास के स्लम इलाकों में लड़कियां पीरियड्स को लेकर काफी लापरवाह हैं। एक दिन ईवनिंग वॉक के दौरान तीनों ने तय किया कि वह स्कूलों, स्लम इलाकों में जाकर इस बारे में जागरूक करेंगी। अक्सर पीरियड्स के दौरान ज्यादातर लड़कियां और महिलाएं लापरवाही बरतती हैं और बीमारियों की चपेट में आ जाती हैं। हाइजीन का ख्याल नहीं रखने की वजह से ऐसा होता है। इसके अलावा मासिक धर्म को लेकर कई महिलाओं व लड़कियों में कई तरह की भ्रांतियां भी हैं। इन्हें भी दूर करना उनका मकसद है। यही कारण है कि तीनों सहेलियां शनिवार को स्कूल और स्लम इलाकों में जाकर शॉर्ट फिल्म दिखाकर बच्चियों और महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। 

सरकारी स्कूलों पर फोकस 
प्रज्ञा ने बताया कि उनका फोकस पहले इंदिरापुरम के सरकारी स्कूलों पर हैं। वहीं, सितंबर से तीनों सहेलियां स्लम इलाकों में जाएंगी। उन्होंने अपने साथ सोसायटी की 4 अन्य युवतियों को भी अपने साथ जोड़ा है। 

मकनपुर के स्कूल से की शुरुआत 

प्रियंका के अनुसार जुलाई के पहले सप्ताह में सबसे पहले मकनपुर के नगर निगम स्कूल से उन्होंने शुरुआत की। उन्होंने यहां 94 लड़कियों को पीरियड्स के बारे में जानकारी दी। साथ ही इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया। इसके बाद उन्होंने इंदिरापुरम की कॉलोनियों के आस पास बसी बस्तियों में भी लड़कियों और महिलाओं के ग्रुप को इकट्ठा कर जागरूक किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button