सिक्यॉरिटी गार्ड ने की युवती की हत्या
नई दिल्ली
ईस्ट ऑफ कैलाश में सिक्यॉरिटी गार्ड का काम करने वाले एक अधेड़ ने डंबल मार-मारकर 20 साल की एक युवती की हत्या कर दी। आरोपी की पत्नी ने पुलिस को कॉल करके जानकारी दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने लड़की के चेहरे और सिर पर डंबल के 15 से 20 वार किए। वारदात वाले कमरे में चारों ओर खून ही खून फैल गया। पुलिस ने लड़की के शव को अर्धनग्न हालत में बरामद किया।
साउथ दिल्ली के डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि हत्या की यह वारदात संगम विहार थाना इलाके में हुई। रविवार रात 11 बजे पुलिस को कॉल की गई। मृतक लड़की की अभी तक पूरी तरह से पहचान नहीं हो सकी है। उनकी हत्या करने के आरोप में रामवीर (50) नाम के सिक्यॉरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार गार्ड की पत्नी नीलम ने पुलिस को कॉल करके यह जानकारी दी कि उसके पति ने एक लड़की की हत्या कर दी है।