इमरती देवी का अपमान प्रदेश की एक-एक माता-बहन और बेटी का अपमान है- शिवराज सिंह चौहान

ग्वालियर
नवरात्रि चल रही है। मां शक्ति की आराधना हो रही है। हम माता को पूजते हैं, लेकिन ये कमलनाथ हमारी माताओं, बहनों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने हमारी बहन इमरती देवी का अपमान किया है। वे गरीब परिवार में जन्मी हैं, मजदूरी करके विधायक बनी हैं, मंत्री बनी हैं, लेकिन किसी को भी उनका अपमान करने की इजाजत नहीं है। इमरती देवी का अपमान प्रदेश की एक-एक माता, बहन और बेटी का अपमान है। इस अपमान का जबाव कमलनाथ को देना होगा। ये बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे रविवार को ग्वालियर के वृंदावन वाटिका में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महाभारत में द्रोपही का अपमान हुआ था तो पूरे कौरव वंश का ही नाश हो गया था। कमलनाथ ने भी इमरती देवी का अपमान करके पूरी चंबल की धरती की माताओं, बहनों और बेटियों को भी अपमानित किया है और इसका बदला वे इस उपचुनाव में लेंगी। उन्होंने कहा कि देश में इमरजेंसी के दौरान कमलनाथ जुर्म ढाने वालों के साथ थे, लेकिन हम हथकड़ी पहनकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल जाने वालों में थे।

ये उपचुनाव कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान का है
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव भाजपा के कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान का उपचुनाव है। यह ग्वालियर के स्वाभिमान का उपचुनाव है, ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वाभिमान का उपुचनाव है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमारी मां है और यह मां आज हमसे कह रही है कि मेरे दूध की लाज रखना। अब सभी कार्यकर्ताओं को हमारी मां रूपी पार्टी की लाज रखना है और ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव जिताने के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी के कार्यकर्ताओं का मान, सम्मान और स्वाभिमान कभी गिरने नहीं दूंगा।

ग्वालियर पूरे हिन्दुस्तान में चमकेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ग्वालियर की सड़कें चमक रही हैं, लेकिन ग्वालियर को ऐसा कर देंगे कि यह कल पूरे हिन्दुस्तान में चमकेगा। हम इस संकल्प के साथ ही सरकार में आए हैं कि अब प्रदेश सहित ग्वालियर की तस्वीर बदल देंगे और यहां के नौजवानों की तकदीर भी बदल देंगे। उन्होंने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे नेता कह रहे हैं कि शिवराज सिंह तो नारियल लेकर चलता है। मैं तो नारियल लेकर चलता हूं और उसे फोड़ता भी हूं, लेकिन कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की तो किस्मत ही फूटी है कि वे नारियल ही नहीं फोड़ पाते हैं। इस मौके पर ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, वरिष्ठ नेता अजय विश्नोई, भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर, जयदीप कुशवाह, वेदप्रकाश शर्मा, राकेश जादौन, अशोक शर्मा, प्रीतम लोधी, अरूण कुलश्रेष्ठ, रवींद्र राजपूत, कमलापत आर्य, गंगाराम बघेल, सुमन शर्मा सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन अरूण कुलश्रेष्ठ ने एवं आभार महेश उमरैया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर अनेक कांग्रेसियों ने भाजपा की सदस्यता ली।

Back to top button