निगम मंडल में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का पद के लिए चर्चा

भोपाल
भाजपा की नई टीम की घोषणा को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं की बीच हुई बैठक में उन नामों पर खासतौर पर चर्चा की गई जिन्हें आने वाले दिनों में निगम मंडल में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का पद दिया जाना है। इन नामों को छोड़कर प्रदेश अध्यक्ष अपनी टीम गठित करने वाले हैं और माना जा रहा है कि संगठन की कार्यकारिणी की घोषणा निगम मंडल में नियुक्ति से पहले की जाएगी।

भाजपा की नई टीम का गठन अंतिम दौर में है। पूर्व कार्यकारिणी में शामिल पदाधिकारियों में से सभी को नहीं हटाया जाएगा। इसमें से कुछ को टीम वीडी में भी जिम्मेदारी दिए जाने की अटकलें हैं। दूसरी ओर पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी को प्रदेश कार्यालय प्रभारी बनाए जाने की अटकलें हैं। यह व्यवस्था उसी तर्ज पर संभावित मानी जा रही है जैसे नंदकुमार चौहान की टीम में पहले विजेन्द्र सिंह सिसोदिया और बाद में अजय प्रताप सिंह को जिम्मा सौंपा गया था।  

पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के समय घोषित की गई कार्यकारिणी में शामिल रहे तीन पदाधिकारियों प्रदेश उपाध्यक्ष अरविन्द सिंह भदौरिया, उषा ठाकुर और प्रदेश मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह इस बार संगठन से बाहर रहेंगे। इन्हें शिवराज कैबिनेट में मंत्री का पद मिल चुका है। इसी तरह नई कार्यकारिणी में प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, कविता पाटीदार, हरिशंकर खटीक, शरतेन्दु तिवारी, रणवीर सिंह रावत की जगह फिक्स हो चुकी है। अब शेष बचे प्रमुख पदाधिकारियों प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद गोटिया, रंजना बघेल, रामलाल रौतेल, प्रदीप लारिया, सुदर्शन गुप्ता, विजेश लुणावत, जीतू जिराती, प्रदेश मंत्री संपतियां उइके, कृष्णा गौर, कन्हईराम रघुवंशी, बुद्धसेन पटेल, रघुनाथ भाटी, पंकज जोशी, प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह, राजेन्द्र सिंह राजपूत में से किसे संगठन में जिम्मेदारी देना है और किसे बाहर करना है। इस पर मंथन किया जा रहा है।

Back to top button