शहर में विकसित किए जा रहे रेलवे ओवरब्रिजों के कार्यों और स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों में गति लाएं

ग्वालियर
ग्वालियर में निर्मित किए जा रहे चारों रेलवे ओवरब्रिज के कार्य तथा स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे कार्यों को और गति देने के निर्देश संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने ग्वालियर में चल रहे विकास कार्यों का कलेक्टर श्री अशोक कुमार वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन एवं विभागीय अधिकारियों के साथ भ्रमण किया। उन्होंने शहर में निर्मित किए जा रहे चारों रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्यों, राजस्व भवन और स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया है।

संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने ग्वालियर में निर्मित किए जा रहे रेलवे ओवरब्रिजों के निर्माण का कार्य 30 सितम्बर 2018 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिजों के निर्माण कार्य को और गति दी जाए। इसके साथ ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से भी निर्माण कार्यों में तेजी लाने हेतु समन्वय किया जाए। उन्होंने ओवरब्रिजों के निर्माण के साथ-साथ ब्रिज के आस-पास पोल शिफ्टिंग, सीवर एवं पानी की लाईन के संबंध में जो भी कार्य किए जाना हैं, उन्हें साथ-साथ करने के निर्देश भी दिए।

संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने यह भी निर्देशित किया है कि सभी ओवरब्रिजों के पूर्ण होने पर यातायात को और सुव्यवस्थित करने के संबंध में भी अभी से प्लानिंग की जाए। ओवरब्रिजों के निर्माण कार्यों में निरंतरता बनाए खते हुए समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण हों, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। सेतु विकास के कार्यपालन यंत्री श्री मोहर सिंह जादौन ने बताया कि यादव धर्मकांटे से शताब्दीपुरम तक के रेलवे ओवरब्रिज का काम तेजी से किया जा रहा है। यहाँ पर रेलवे द्वारा भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस कार्य पर 1560.66 लाख रूपए की राशि व्यय होगी। इसके साथ ही मलगढ़ा पर निर्मित किए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज का काम प्रगति पर है। इस पर 1510.73 लाख रूपए की राशि व्यय होगी। पड़ाव पर निर्मित किए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज का काम 36 करोड़ रूपए की लागत से किया जा रहा है। यह कार्य भी प्रगति पर हैं। माधव संगीत महाविद्यालय के समीप निर्मित रेलवे ओवरब्रिज का काम 17 करोड़ रूपए लागत से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि सभी रेलवे ओवरब्रिजों का काम निर्धारित की गई समय-सीमा में पूर्ण कर लिया जायेगा।

संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने शहर विकास के भ्रमण के दौरान माधव संगीत महाविद्यालय के समीप निर्मित किए जा रहे राजस्व भवन निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि राजस्व भवन निर्माण का कार्य तेजी से किया जाए। वर्तमान में किए जा रहे कार्य की धीमी गति पर उन्होंने अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। इस राजस्व भवन में संभागीय कमिश्नर कार्यालय, भू-अभिलेख व बंदोबस्त कार्यालय एवं राजस्व मण्डल के लिये कार्यालय का निर्माण किया जा रहा है, 55 करोड़ रूपए से अधिक की राशि से बनने वाले इस भवन का कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाना है।

संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने पीआईयू सेल के कार्यपालन यंत्री श्री अष्ठपुत्रे को निर्देशित किया कि राजस्व भवन निर्माण के संबंध में प्रतिमाह की प्रगति से अवगत कराया जाए। इसके साथ ही आगामी एक माह में क्या-क्या कार्य पूर्ण कर लिए जायेंगे। इस संबंध में भी रिपोर्ट प्रतिमाह प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने शहर विकास के लिये किए गए भ्रमण के दौरान स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों में तेजी लाई जाए और स्मार्ट सिटी के कार्य धरातल पर भी दिखें। संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने स्मार्ट सिटी के तहत हरिदर्शन स्कूल में निर्मित किए जा रहे स्मार्ट क्लासरूम का अवलोकन किया। स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से बच्चों को डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराई जायेगी। शहर में सभी शासकीय विद्यालयों में एक – एक स्मार्ट क्लास तथा गोरखी हाईस्कूल में 16 स्मार्ट क्लास निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही संभाग आयुक्त ने वीर सावरकर सरोवर के उन्नयन के लिये स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया। सावरकर सरोवर के उन्नयन का कार्य किया जा रहा है। उक्त कार्य पर 2 करोड़ 17 लाख रूपए की राशि व्यय होगी। इसमें वीर सावरकर सरोवर का पुन: उत्थान, वाटर शो, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, लैण्ड स्कैपिंग, ग्रीन स्पेस डवलपमेंट, आधुनिक बैठक व्यवस्था का विकास किया जायेगा।

स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महीप तेजस्वी ने बताया कि कटोराताल से लगी हुई भूमि पर वाटर फिल्टर प्लांट का निर्माण भी किया जा रहा है। वीर सावरकर सरोवर के उन्नयन का कार्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर लिया जायेगा। संभाग आयुक्त ने इसके पश्चात छत्री बाजार में लेडीज पार्क विकास के लिये किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया। संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने कहा कि पार्क विकास का कार्य तेजी से करें, ताकि आमजनों को उसका लाभ मिल सके। पार्क में विकसित की जा रहीं सुविधाओं के साथ-साथ लोगों के लिये पेयजल, योगा और सुलभ शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button