बाद शशि थरूर ने दिग्विजय से मुलाकात के कहा- हमारा मुकाबला है दोस्ताना, न कि प्रतिद्वंद्वियों की लड़ाई

नई दिल्ली
कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव दिग्विजय सिंह लड़ रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय पहुंच कर नामांकन पत्र ले लिया है। दिग्विजय सिंह ने खुद कहा कि वो शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके साथ दिग्विजय सिंह ने आज कांग्रेस नेता शशि थरूर से मुलाकात की है। शशि थरूर भी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। वह भी शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। दिग्विजय सिंह से मुलाकात के बाद शशि थरूर ने कहा कि हम मानते हैं कि हमारा मुकाबला दोस्ताना मुकाबला है, न कि प्रतिद्वंद्वियों की लड़ाई है।

दोनों ही नेता शुक्रवार को दाखिल करेंगे नामांकन
कांग्रेस अध्यक्ष पद की उम्मदीवारी के चर्चा के बीच दिग्विजय सिंह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हैं। अभी तक दिग्विजय सिंह कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल रहे हैं। वहीं, आज कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए  दिग्विजय सिंह ने नामांकन पत्र ले लिया है। वह कल पर्चा दाखिल करने वाले हैं।

बेहद दिलचस्प हुआ मुकाबला
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में दिग्विजय सिंह का नाम आने के बाद यह मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। अब यह चुनाव शशि थरूर बनाम दिग्विजय सिंह हो गया है। इसी को लेकर शशि थरूर का ट्वीट बहुत मायने निकालता है कि यह मुकाबला 'दोस्ताना' है न कि 'प्रतिद्वंद्वियों' की लड़ाई है।

अब तक इन लोगों ने लिया नामांकन पत्र
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर 30 सितंबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे। अब तक कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव समिति से दिग्विजय सिंह, शशि थरूर और पवन कुमार बंसल ने नॉमिनेशन फॉर्म लिया है। हालांकि, पवन बंसल ने मना किया है कि वो अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे।

19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे नतीजे
गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से आरम्भ हुई तथा 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्तूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्तूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे।

 

Back to top button