ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने बसों के टाइम टेबल आॅनलाइन करने के दिए निर्देश
भोपाल
प्रदेश में 15 हजार से अधिक यात्री बसें चल रही है। लेकिन यह बसें कब और कितने बजे संबंधित बस स्टैंड पर आती हैं। इसकी जानकारी यात्रियों को नहीं मिलती। इसके लिए या तो उन्हें एजेंटों से संपर्क करना पड़ता हैं या फिर इंतजार। इस परेशानी को दूर करने के लिए परिवहन आयुक्त ने बसों की समय सारणी को परिवहन विभाग की साइट पर आॅनलाइन करने के साथ ही बस स्टैंड पर चस्पा करने के आदेश दिए है। यह काम स्मार्ट चिप कंपनी को करना होगा।
गौरतलब हैं कि लंबी दूरी की बसों के साथ ही आसपास के जिलों को जाने वाली बसों के टाइम टेबल की जानकारी फिलहाल बस स्टैंड पर नहीं दर्शाई गई है। इसके कारण यात्रियों को इसके बाद आने वाली बसों की जानकारी नहीं मिलती। लिहाजा बस आॅपरेटर अपना मुनाफा कमाने बसों में ओवर लोडिंग करते है। इसके साथ ही समय पालन करने बसों को अनियंत्रित गति से भी दौड़ाते है। ऐसे में आए दिन बस दुर्घटना होने पर यात्रियों की जान चली जाती है। इस पर अंकुश लगाने के लिए निर्धारित रूट के आधार पर बसों की लिस्ट चस्पा की जाएगी। ताकि यात्रियों को इसकी जानकारी मिल सके।
इस काम को करने के लिए सभी संगागीय उप परिवहन आयुक्त को संभागवार दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का कहा है। इसमें स्टेट कैरिज, जिला स्तर पर जारी वाहनों डाटाबेस, परमिट, नामांतरण को आॅनलाइन फीड करने की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए रोस्टर अनुसार कर्मचारियों को बुलाया जाएगा। इसमें संभागीय उप परिवहन आयुक्त, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी एवं स्मार्ट चिप कंपनी के कम्प्यूटर आॅपरेटर भी मौजूद रहेंगे।