परिवहन मंत्री श्री मूणत ने ‘राजधानी बस सेवा’ का किया शुभारंभ

रायपुर 
लोक निर्माण और परिवहन मंत्री श्री राजेश मूणत ने आज प्रदेश की राजधानी रायपुर से महत्वपूर्ण नगरों और जिला मुख्यालयों को सीधे जोड़ने के लिए ’राजधानी बस सेवा’ का शुभारंभ किया। प्रदेश में राजधानी बस सेवा के अंतर्गत वर्तमान में 19 मार्गाें को चिन्हांकित किया गया है। परिवहन मंत्री श्री मूणत ने इसके प्रथम चरण के अंतर्गत आज पांच मार्गोें के लिए राजधानी के सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम स्थल से सभी पांच बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें राजधानी रायपुर से सभी ए.सी. बसों को कांकेर, राजनांदगांव, कवर्धा, सरायपाली और बिलासपुर के लिए रवाना किया गया।
    परिवहन मंत्री श्री मूणत ने राजधानी बस सेवा का शुभारंभ करते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए प्रदेश के दूरस्थ महत्वपूर्ण नगरों के लोगों को सस्ती और अच्छी तथा सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध हो गई है। राजधानी बस सेवा के अंतर्गत प्रदेश में वर्तमान में 19 विभिन्न मार्गाें को चिन्हांकित किया गया है। इनमें अम्बिकापुर, बैकुंठपुर, कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर-चाम्पा, रायगढ़, सारंगढ़, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, जगदलपुर, बालोद, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, मुंगेली और कवर्धा शामिल हैं। इनमें से आज राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित बस स्टैंड के पास सेे कांकेर, राजनांदगांव, कवर्धा, सरायपाली तथा बिलासपुर के लिए हर दो-दो घंटे में बस का नॉन स्टॉप संचालन होगा। श्री मूणत ने कहा कि ‘राजधानी बस सेवा’ राज्य के परिवहन सुविधा के विकास और आम जनता को सुगम तथा सस्ते परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महती आयाम साबित होगा।
    श्री मूणत ने राजधानी बस सेवा के अंतर्गत बसों के संचालन में बस मालिकों को समय और सुरक्षा का विशेष रूप से ध्यान रखने के लिए जोर दिया। वर्तमान में राजधानी से निर्धारित जगहों के लिए हर दो घंटे में राजधानी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है। इसे शीघ्र ही हर एक घंटे के अंतराल में संचालन किया जाएगा।  श्री मूणत ने कहा कि पांच मार्गाें के अलावा शेष चिन्हांकित 14 मार्गाें में भी शीघ्र ही राजधानी बस सेवा का संचालन किया जाएगा।  इससे राज्य के दूरस्थ अंचल से लोगों को राजधानी पहुंचने के लिए कम समय में नॉन स्टॉप द्रुतगामी यात्री सेवा की अच्छी सुविधा उपलब्ध होगी। ये यात्री बसें एक घंटा के अंतराल में दोनों तरफ से आवाजाही करेंगे।  
    राजधानी बस सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम को गृह, जेल एवं परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव श्री अमिताभ जैन ने सम्बोधित करते हुए कहा कि इससे लोग उसी दिन ही राजधानी से काम-काज निपटाकर अपने घर पहुंच सकते हैं। इसका विस्तार अगले चरण में प्रदेश के दूरस्थ अंचलों के अम्बिकापुर, जगदलपुर तथा जशपुर आदि जगहों तक सुगम आवाजाही के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम को अपर परिवहन आयुक्त श्री ओ.पी. पाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर परिवहन संघों के प्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button